Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

केंद्रीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी से पालक परेशान

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

-जनसुनवाई में की शिकायत
अनोखा तीर, हरदा। हरदा के केंद्रीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत लेकर पालक मंगलवार को जिला पंचायत की जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ अंजलि जोसेफ को आवेदन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। पालकों का आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई नियमित रूप से नहीं हो रही है। उनका कहना है कि सात पीरियड में से केवल एक पीरियड में ही पढ़ाई होती है, जबकि शेष समय बच्चे खेलते रहते हैं। शिक्षकों की कमी का सबसे अधिक असर ग्यारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
मोबाइल पर भेजा जाता है होमवर्क
पालकों ने बताया कि शिक्षकों द्वारा मोबाइल पर छोटे अक्षरों में होमवर्क भेजा जाता है। इसे पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को यूट्यूब का सहारा लेना पड़ता है। लंबे समय तक मोबाइल का उपयोग करने से बच्चों की आंखों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पालकों का कहना है कि जब वे इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन से शिकायत करते हैं तो उन्हें बच्चों का दूसरे विद्यालय में प्रवेश कराने की सलाह दी जाती है। पालक दीप्ति स्वामी ने कहा कि स्कूल शुरू होने से पहले पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि शिक्षक कक्षा में ही बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाएं, ताकि उन्हें मोबाइल का सहारा न लेना पड़े और होमवर्क की नियमित जांच भी की जाए। वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय में पहली से ग्यारहवीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं, जिनके लिए 21 शिक्षक उपलब्ध हैं।
सीईओ ने जांच के दिए निर्देश
जिला पंचायत सीईओ अंजलि जोसेफ ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन को विद्यालय की कमियों के संबंध में पत्र लिखा जा रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी को केंद्रीय विद्यालय भेजकर पालकों की शिकायतों पर स्कूल प्रबंधन से चर्चा कर शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply