सैकड़ों विद्यार्थियों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला

 


-हरदा पुलिस की अनूठी पहल, नशामुक्त समाज के लिए युवाओं ने लिया संकल्प

अनोखा तीर, हरदा। नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से मंगलवार को हरदा में एक अनूठा और प्रेरणादायी आयोजन देखने को मिला। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जिला पुलिस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय एवं महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सहयोग से विशाल जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मैदान में मानव श्रृंखला बनाकर से नो टू ड्रग्स की भव्य आकृति तैयार की और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया। मानव श्रृंखला का दृश्य बेहद आकर्षक रहा। विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ निर्धारित स्थानों पर खड़े होकर अंग्रेजी अक्षरों में से नो टू ड्रग्स 2.0 की आकृति बनाई, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। यह संदेश केवल एक प्रस्तुति नहीं बल्कि युवाओं की ओर से समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का सशक्त अभियान बन गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। उन्होंने शपथ ली कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे, अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को केवल कानूनी कार्रवाई से समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज, परिवार, शिक्षकों और विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई यह मानव श्रृंखला समाज को जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है। यदि युवा नशे के विरुद्ध आगे आएंगे तो निश्चित रूप से भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित बनाया जा सकेगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत और जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज की पहचान हैं। इसके बाद उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि नशे से बचाव ही सबसे बड़ा समाधान है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आसपास भी नशे के प्रति जागरूकता फैलाए। कार्यक्रम में एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य जे.पी. प्रजापति, जी.पी. गौर, एस.एन. भाटी एवं अन्य शिक्षकगण तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस.के. यादव, राजेश बीलिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। खेल विभाग से रानी खान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। हरदा पुलिस की यह पहल केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि युवाओं के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का सफल प्रयास बनी कि नशे से दूरी ही सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी गारंटी है।

0 Views

Leave a Reply