Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर घटाने के लिए शुरू हुई ‘सुमन पंचायत  पहल

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

-उत्कृष्ट पंचायतों को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार
अनोखा तीर, हरदा।  मध्यप्रदेश सरकार ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ‘सुमन पंचायत पहल शुरू की है। इस पहल के तहत उन ग्राम पंचायतों को ‘सुमन पंचायत घोषित किया जाएगा, जहां एक वर्ष की अवधि में एक भी मातृ मृत्यु, पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु तथा खसरा-रूबेला का कोई मामला दर्ज नहीं होगा। ऐसी पंचायतों को उत्कृष्ट कार्य के लिए एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्राम स्तर पर गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, सुरक्षित संस्थागत प्रसव, नवजात एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण, बेहतर पोषण तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। योजना के तहत पंचायतों के दावों का सत्यापन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में सरपंच एवं ग्राम पंचायत सचिव आवेदन प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद संबंधित विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिलेखों का परीक्षण करेंगे। अंतिम चरण में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के सत्यापन के बाद पात्र पंचायतों का चयन किया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ेगी, सुरक्षित मातृत्व को प्रोत्साहन मिलेगा, शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

4 Views
What do you think?

Leave a Reply