Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

किसानों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग, सौंपा ज्ञापन

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस ने 15 जुलाई को मूंग की 100 प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर हुए चक्काजाम के दौरान किसानों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने बताया कि 15 जुलाई को जिले के विभिन्न किसान संगठनों एवं किसानों ने मूंग की 100 प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को लेकर छोटी हरदा में शांतिपूर्ण चक्काजाम किया था। आंदोलन के दौरान जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सात किसानों को नामजद आरोपी बनाया तथा 100 से अधिक किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसे किसानों के साथ अन्याय बताया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न मंचों से किसानों की फसल का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदने की घोषणा की थी, लेकिन वर्तमान में प्रति एकड़ केवल 1.20 क्विंटल मूंग की खरीदी की जा रही है, जबकि किसानों का उत्पादन प्रति एकड़ 5 से 8 क्विंटल तक है।  कांग्रेस ने कहा कि किसान संगठनों की मांग थी कि कम से कम 5 क्विंटल प्रति एकड़ मूंग की खरीदी की जाए, लेकिन किसानों की मांग मानने के बजाय उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। ज्ञापन के माध्यम से जिला कांग्रेस ने किसानों पर दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो जिला कांग्रेस किसानों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष रविशंकर शर्मा, सूरज सिंह राजपूत, गोविंद व्यास, लक्ष्मीनारायण पंवार, अहद खान, अनिल दुबे, सुप्रिया पटेल, प्रमिला सिंह ठाकुर, अमर रोचलानी, सईद खान, मुकेश माइकल, अक्षय उपरीत, प्रीति चौहान, भूपेश बाबल, सुनील गीते, रमेश सोनकर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply