-20 एल्यूमिनियम बोर्ड व लोहे की फे्रम बरामद
अनोखा तीर, हरदा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) हरदा ने रेलवे संपत्ति चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से रेलवे लाइन किनारे लगे 20 एल्यूमिनियम साइन बोर्ड, एक लोहे की फ्रेम तथा चोरी में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9090 रुपये बताई गई है। आरपीएफ हरदा के अनुसार, 18 जुलाई को वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) द्वारा सूचना दी गई थी कि हरदा-भिरगी रेलखंड के विभिन्न किलोमीटरों के बीच लगे ट्राई एंगल स्पीड बोर्ड, ग्रेडिएंट बोर्ड, ब्रिज बोर्ड तथा लोहे की फ्रेम चोरी हो गई है। सूचना पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रेलवे संपत्ति अधिनियम, 1966 की धारा 3(ए) एवं रेलवे एक्ट की धारा 147 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 19 जुलाई को दो संदिग्धों अलीम उर्फ अल्लू (29), निवासी मानपुरा, हरदा तथा आबिद खान (24), निवासी राजीव गांधी वार्ड, मानपुरा, हरदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने रेलवे लाइन किनारे लगे एल्यूमिनियम बोर्ड चोरी कर झाड़ियों में छिपाने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर आरपीएफ ने झाड़ियों से चोरी किए गए बोर्ड बरामद किए। जांच में पाया गया कि बोर्डों पर लगी रेडियम शीट को खुरचकर हटाया गया था तथा उन्हें मोड़कर छिपाया गया था। बाद में रेलवे लाइन के समीप एक बोरी में छिपाकर रखे गए 17 अन्य बोर्ड भी बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 20 एल्यूमिनियम बोर्ड और एक लोहे की फ्रेम जब्त की गई। आरपीएफ ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। आरोपियों को 20 जुलाई को रेलवे न्यायालय, भोपाल में पेश किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है। निरीक्षक प्रभारी दिलीप शर्मा सहायक उप निरीक्षक, मुकेश राजपूत, उत्तम कुमार, मुलायम सिंह,जितेन तिवारी, शासकीय रेल पुलिस से प्रधान आरक्षक विजय वाके की मुख्य भूमिका रही




