Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

भिरंगी रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। छीपाबड़ थाना क्षेत्र में भिरंगी स्टेशन के पास रविवार सुबह करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक की पहचान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम सुखरास निवासी संतोष पिता नर्मदा प्रसाद अटले के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संतोष के दो बेटे और दो बेटियां हैं। वह शनिवार को अपने गांव से बहन के गांव धनवाड़ा जाने के लिए निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव रेलवे ट्रैक के बीच पड़ा मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक और मोबाइल भी बरामद हुए हैं। छीपाबड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस को सुबह करीब सात बजे रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
पोस्टमार्टम में लापरवाही का आरोप
मामले में पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर भी लापरवाही के आरोप लगे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता योगेश अटले ने आरोप लगाया कि शव को घटनास्थल से खिरकिया पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, लेकिन दोपहर करीब एक बजे तक शव वाहन में ही रखा गया। योगेश अटले के अनुसार, सोशल मीडिया पर मामला उठाए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम कक्ष में ले जाकर प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शव को चार घंटे से अधिक समय तक वाहन से नीचे नहीं उतारा गया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply