बावड़ी उत्सव का समापन, लिया जल संरक्षण का संकल्प

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड स्तर पर संचालित बावड़ी उत्सव का समापन ग्राम जलोदा में किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में स्थित बावड़ियों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं उनके रखरखाव के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। समापन कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक अनुपम भारद्वाज ने जल गंगा संवर्धन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह अभियान जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसका लक्ष्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन, नदियों, तालाबों, कुओं और बावड़ियों का संरक्षण तथा लोगों को जल बचाने के प्रति जागरूक करना है।  जिला समन्वयक संदीप गौहर ने बताया कि अभियान के प्रमुख उद्देश्यों में नदियों, तालाबों, कुओं एवं अन्य जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना, भूजल स्तर में सुधार, जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना तथा वृक्षारोपण एवं जलग्रहण क्षेत्रों का विकास शामिल है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत तालाबों एवं नालों की सफाई और गहरीकरण, चेक डैम, स्टॉप डैम एवं खेत-तालाब का निर्माण, वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, वृक्षारोपण तथा जल संरक्षण संबंधी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही स्थानीय समुदाय, पंचायतों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जल संकट को कम करने, कृषि को लाभ पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।  कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य रामकृष्ण पवारे, सचिव बसंत, शिक्षक जयेन्द्र, जन अभियान मेंटर विष्णु कटारे, प्रवीण चौरसिया, नवांकुर संस्था पहल से अमित माहुले, नगर विकास प्रस्फुटन समिति टिमरनी से दीपांशु राठौर सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply