अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा जारी नवीन न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में हरदा पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धि हासिल की है। हरदा जिले ने समय-सीमा के भीतर न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने की श्रेणी में 60 दिवस में प्रदेश में तृतीय तथा 90 दिवस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं ई-साक्ष्य कवरेज में भी जिला प्रदेश में छठे स्थान पर रहा। इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक शशांक के नेतृत्व में की गई सतत मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध समीक्षा को दिया गया है। नवीन न्याय संहिता के तहत दर्ज प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा कर विवेचनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूर्ण कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किए जा सके। प्रतिदिन आयोजित आरटी कॉल एवं क्राइम मीटिंग में भी बीएनएस से जुड़े मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए, जिससे विवेचना प्रक्रिया में तेजी आई। इस उपलब्धि में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, सभी एसडीओपी, थाना प्रभारियों एवं विवेचकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं पुलिस टीम के समन्वित प्रयासों से हरदा जिला प्रदेश में यह उल्लेखनीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहा। हरदा पुलिस ने विश्वास व्यक्त किया है कि भविष्य में भी समयबद्ध विवेचना, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से नवीन न्याय संहिता का सफल क्रियान्वयन जारी रखते हुए आमजन को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
नवीन न्याय संहिता के क्रियान्वयन में हरदा पुलिस प्रदेश में अव्वल

0 Views


