अनोखा तीर, हरदा। किसान नेता मोहन सांई ने प्रदेश सरकार पर किसानों के साथ छलावा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 1 जुलाई से समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के आदेश तो जारी कर दिए हैं, लेकिन अभी तक स्लॉट बुक नहीं हो पा रहे हैं। साथ ही सरकार द्वारा किसानों की मूंग उपज का केवल 25 प्रतिशत ही खरीदे जाने की बात कही जा रही है। मोहन सांई ने कहा कि प्रति हेक्टेयर 12 क्विंटल के मान से केवल 25 प्रतिशत खरीदी की बात स्पष्ट नहीं है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रति हेक्टेयर कितनी मूंग खरीदी जाएगी। उनका कहना है कि प्रति वर्ष की तरह किसानों से 12 क्विंटल प्रति हेक्टेयर मूंग खरीदी जाना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें किसानों की मूंग का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष खरीदी में देरी होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जिले की विभिन्न मंडियों में किसानों को लाखों क्विंटल मूंग 5500 रुपए से 7500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से बेचनी पड़ी, जबकि समर्थन मूल्य इससे अधिक है। सरकार को किसानों के इस नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। मोहन सांई ने जिला प्रशासन से मांग की कि बारिश के मौसम को देखते हुए जिले में कम से कम 100 खरीदी केंद्र बनाए जाएं, ताकि किसानों की मूंग की तुलाई समय पर हो सके। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया से भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों को दूर रखने तथा मंडियों में खरीदी गई मूंग के रिकॉर्ड की जांच कराने की भी मांग की। उनका आरोप है कि सरकार से जुड़े कुछ बिचौलिए हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंडियों से नॉन एफएक्यू मूंग खरीदकर अधिकारियों की सांठगांठ से लाभ उठाने का प्रयास कर सकते हैं। फर्जी पंजीयन पर भी निगरानी रखी जाए, ताकि वास्तविक किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने से वंचित न रहें। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए बरसाती टेंट, पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ऐसी व्यवस्था करने की मांग की, जिससे किसी भी किसान को खरीदी केंद्र पर रातभर रुकना न पड़े।
सरकार ने किसानों के साथ किया धोखा : मोहन सांई

4 Views


