-अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन, अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में टिमरनी के वार्ड क्र.3 जोशी नगर के रहवासियों ने कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, बाउंड्रीवाल की व्यवस्था तथा चोरी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लगाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टिमरनी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम तजपुरा निवासी भीमसिंह राजपूत ने फार्मर आईडी नहीं बनने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार टिमरनी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम चारखेड़ा निवासी रामबिलास आंजने ने सोयाबीन फसल का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार टिमरनी को जांच कर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार ग्राम हीरापुर निवासी प्रदीप तिवारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कृषि भूमि अधिग्रहण के बाद भी मुआवजा राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत की, जिस पर अनुविभागीय अधिकारी हरदा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हरदा निवासी क्षमा कड़ोले ने अधिक विद्युत बिल आने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उप महाप्रबंधक विद्युत वितरण कंपनी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम आदमपुर निवासी दौलीबाई ने आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार हंडिया को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम बैड़ी निवासी हुकुमचंद जाट ने ई-टोकन के माध्यम से खाद प्राप्त नहीं होने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक कृषि को समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

0 Views


