अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम नहाडिया में सोमवार शाम एक 16 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के ग्राम खातेगांव निवासी शेरसिंह, पिता कालिया कोरकू (16) के रूप में हुई है। शेरसिंह पिछले तीन माह से ग्राम नहाडिया में मजदूरी कर रहा था। उसकी सगाई इसी गांव में हुई थी और अगले वर्ष उसका विवाह होना तय था। मृतक के बड़े भाई श्रीराम कोरकू ने बताया कि शेरसिंह दो भाइयों में छोटा था। माता-पिता का कई वर्ष पहले निधन हो जाने के बाद उन्होंने ही उसका पालन-पोषण किया था। मृतक की होने वाली पत्नी की बड़ी बहन आशा ने बताया कि सोमवार शाम वे तीनों बहनें और शेरसिंह खेत में बनी टपरी के बाहर बैठे थे। इसी दौरान शेरसिंह अचानक उठकर कमरे के अंदर गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो उसकी होने वाली पत्नी खिड़की के रास्ते अंदर पहुंची। वहां शेरसिंह फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई और परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
16 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

0 Views


