जोरदार बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई गांवों में बने बाढ़ जैसे हालात

अनोखा तीर, हरदा/मसनगांव। क्षेत्र में मानसून के सक्रिय होने से लगातार दूसरे दिन भी जोरदार बारिश का दौर जारी रहा। मंगलवार दोपहर शुरू हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मूसलाधार वर्षा के चलते क्षेत्र की अधिकांश नदी-नालों में तेज बहाव आ गया और कई स्थानों पर पानी दोनों किनारों से ऊपर बहने लगा। हरदा-अजनाल मार्ग पर स्थित नदी-नाले, कड़ोला की मटकुल नदी तथा मसनगांव की देदली नदी, मोरगढ़ी की नदी उफान पर आ गईं। तेज बहाव के कारण आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई संपर्क मार्गों पर पानी बहने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी भी दिखाई दी, क्योंकि खरीफ फसलों के लिए यह पानी बेहद लाभदायक माना जा रहा है। हालांकि लगातार हो रही वर्षा के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ सकता है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

0 Views

Leave a Reply