दुष्कर्म व प्रताड़ना के मामले में पति, सास, देवर और मामा ससुर को पहुंचाया जेल  

अनोखा तीर, हरदा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दुष्कर्म और प्रताड़ना के मामले में पुलिस ने पति, सास, देवर और मामा ससुर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सिटी कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपने मायके पहुंचकर नर्मदापुरम जिले के इटारसी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने अपने देवर और मामा ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। यह प्रकरण बाद में हरदा के सिटी कोतवाली थाने को प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 12 जून की रात करीब 12 बजे उसके पति और सास ने उससे मायके से पैसे लाने की मांग की। पैसे लाने से इनकार करने पर सास ने उसे पिता से एप के माध्यम से 10 हजार रुपए मंगवाने के लिए कहा। मना करने पर पति और सास की मौजूदगी में देवर और मामा ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर पति और सास ने उसके हाथ पकड़ लिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद उसे मायके जाने और मोबाइल पर बात करने की अनुमति भी नहीं दी गई। पीड़िता ने बताया कि अगले दिन पति के नहाने जाने पर उसने मौका पाकर अपने पिता को फोन किया। इसके बाद वह मायके पहुंची और इटारसी थाने में शिकायत दर्ज कराई। टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

0 Views

Leave a Reply