अनोखा तीर, हरदा। शहर में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे छीपानेर रोड स्थित आयकर विभाग कार्यालय के सामने एक वैन में अचानक आग लग गई। चालक और मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय वाहन में केवल चालक सवार था। वैन स्कूली बच्चों को छोड़कर वापस लौट रही थी। जानकारी के अनुसार वैन एक पिज्जा दुकान के पास खड़ी थी, तभी उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। गनीमत रही कि उस समय वाहन में कोई बच्चा सवार नहीं था। स्थानीय लोगों और चालक ने रेत की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ विभाग से स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले सभी वाहनों की जांच कराने तथा जर्जर वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। आरटीओ राकेश आहके ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्कूली बच्चों के परिवहन में उपयोग होने वाले सभी वाहनों की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चलती वैन में लगी आग, चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

0 Views


