खेत में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, दो माह पहले हुई थी शादी

अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जिजगांव खुर्द में मंगलवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब युवक खेत में ट्रैक्टर से सोयाबीन की बुवाई कर रहा था। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय प्रदीप राठौर, पिता नर्मदाप्रसाद राठौर, निवासी ग्राम जिजगाव खुर्द के रूप में हुई है। प्रदीप अपने खेत में ट्रैक्टर से सोयाबीन की बुवाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए उन्होंने ट्रैक्टर खड़ा किया और पास में स्थित एक नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई, जिससे वे मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजन तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मंगलवार शाम को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रदीप चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी शादी 20 मई को नर्मदापुरम जिले की एक युवती से हुई थी। विवाह को अभी लगभग दो माह ही हुए थे।

0 Views

Leave a Reply