इच्छुक प्रतिभागी https://talentsearch.dsywmp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन करें
देवास, जिला खेल अधिकारी देवास ने बताया कि खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए ’टैलेंट सर्च 2026-27’’ महाअभियान का आयोजन कर रहा है। एथलेटिक्स, फेंसिंग, कुश्ती, शूटिंग, शॉटगन, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, जूडो, शूटिंग पिस्टल, पुरूष हॉकी, क्याकिंग केनोइंग, आर्चरी, ट्राइथलॉन, घुडसवारी, महिला हॉकी, बैडमिंटन, स्लालम, रोइंग, शूटिंग रायफल के इच्छुक प्रतिभागी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://talentsearch.dsywmp.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह पहल प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में मौजूद प्रतिभावान युवाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करती है। यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह से निःशुल्क है। चयनित खिलाड़ियों को राज्य खेल अकादमियों में प्रवेश का अवसर मिलेगा।खिलाड़ियों का परीक्षण विषय विशेषज्ञों और प्रशिक्षकों द्वारा किया जाएगा। वहीं चुने गए उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अभियान का उद्देश्य भविष्य के ओलंपियन तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करना है। ऑनलाइन पंजीयन कार्य जारी है, टैलेंट सर्च 27 जून 2026 से प्रारंभ होगा। खिलाड़ियों की आयु सीमा 08 से 10 वर्ष फिडर सेंटर के लिए और 12 से 18 वर्ष अकादमी के लिए निर्धारित है। राष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए विशेष प्रावधान उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि विभाग की वेबसाइट dsywmp.gov.in पर विजिट कर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा करा सकते है एवं अधिक जानकारी के लिए कार्यालय खेल और युवा कल्याण विभाग विकास नगर देवास व दूरभाष नम्बर 07272-258047 सम्पर्क कर सकते हैं।




