Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

झमाझम बारिश से थमी मूंग कटाई, 11 घंटे गुल रही बिजली

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, सोडलपुर। नौतपा के दौरान पिछले एक सप्ताह से 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान झेल रहे क्षेत्रवासियों को सोमवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। सोडलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, गर्जना तथा मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जबकि देर शाम तक रुक-रुककर बूंदाबांदी और वर्षा का सिलसिला जारी रहा। रविवार शाम हुई बारिश के बाद ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। सोमवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। सुबह उमस और गर्मी का असर रहा, लेकिन दोपहर करीब 3 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ मौसम पूरी तरह बदल गया। तेज गर्जना और आंधी के बीच हुई बारिश से क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया। बारिश का सबसे अधिक असर किसानों के कार्यों पर पड़ा। इन दिनों क्षेत्र में मूंग की फसल की कटाई का कार्य तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण कटाई का काम बीच में ही रोकना पड़ा। खेतों में कटी हुई फसल भीगने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहता है तो फसल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। बारिश और तेज हवाओं के चलते बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। रविवार रात करीब 9 बजे बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, जो सोमवार सुबह करीब 8 बजे बहाल हो सकी। इस दौरान ग्रामीणों को लगभग 11 घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। वहीं सोमवार को भी दोपहर 3 बजे बिजली गुल हो गई, जो देर शाम तक चालू नहीं हो सकी थी। लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी बादल छाए रहने और कहीं-कहीं वर्षा की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों की नजर अब मौसम के अगले रुख पर टिकी हुई है।
————–

2 Views
What do you think?

Leave a Reply