Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

बारिश से तरबतर हुआ अंचल, मूंग कटाई में पड़ा खलल

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव। रोहिणी नक्षत्र में हुई जोरदार बारिश से पूरा अंचल तरबतर हो गया। पिछले दो दिनों से आसमान पर छाए काले बादल सोमवार शाम को जमकर बरसे, जिससे मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। क्षेत्र में इन दिनों मूंग फसल की कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है और बारिश के कारण यह कार्य प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते खेतों में कटी पड़ी मूंग फसल के खराब होने की आशंका उत्पन्न हो गई है। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में ही सुखाने के लिए रखी थी, जिस पर बारिश का पानी गिरने से नुकसान की संभावना बढ़ गई है। अचानक बदले मौसम ने किसानों को फसल की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पर मजबूर कर दिया है। किसान दीपेश मायरे ने बताया कि इस समय क्षेत्र में मूंग की कटाई जोरों पर चल रही है। फसल की कटाई, मड़ाई और परिवहन के लिए साफ मौसम की आवश्यकता होती है, लेकिन लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ नहीं हुआ तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से भीषण गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन कृषि कार्यों में व्यवधान उत्पन्न हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से कटाई कार्य अस्थायी रूप से रुक गया है। किसान अब मौसम साफ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं, ताकि मूंग की फसल को सुरक्षित रूप से खेतों से निकालकर मंडियों तक पहुंचाया जा सके। कृषि विस्तार अधिकारी गणेश रांजने का कहना है कि कटाई के दौरान होने वाली बारिश दलहनी फसलों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में किसानों को मौसम साफ होते ही फसल को सुरक्षित स्थानों पर संग्रहित करने की सलाह दी जा रही है। क्षेत्र के किसानों की निगाहें अब आगामी दिनों के मौसम पर टिकी हुई हैं।
—————–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply