Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

10वीं के बाद इंजीनियर बनने का सुनहरा मौका

3 min read
Text Size:

-हरदा पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रवेश शुरु, 29 मई तक करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
-पॉलिटेक्निक डिप्लोमा को 12वीं के समकक्ष मान्यता

अनोखा तीर, हरदा। 10वीं के बाद इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कॉलेज में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं कम्प्यूटर साइंस इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश दिए जाएंगे। इसके लिए कॉलेज में फ्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसकी अंतिम तिथि 29 मई रात 11.45 बजे तक निर्धारित की गई है। महाविद्यालय की प्राचार्य अभिरुचि सिंह ने बताया कि किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रवेश के लिए पात्र होंगे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत अब पॉलिटेक्निक डिप्लोमा को 12वीं के समकक्ष मान्यता भी प्राप्त होगी, जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं में लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जो विद्यार्थी 12वीं उत्तीर्ण या आईटीआई कर चुके हैं, उन्हें सीधे डिप्लोमा के द्वितीय वर्ष में प्रवेश दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों का समय बचेगा और वे जल्दी अपने करियर की दिशा तय कर सकेंगे। आज के दौर में इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में पॉलिटेक्निक शिक्षा कम समय और कम खर्च में बेहतर करियर का मजबूत विकल्प बनकर सामने आ रही है। कॉलेज प्रबंधन के टीपीओ विकास भूमरकर ने बताया कि महाविद्यालय का प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी लगातार बेहतर रहा है। विभिन्न कंपनियां समय-समय पर कैंपस प्लेसमेंट के लिए कॉलेज पहुंचती हैं, जहां विद्यार्थियों को सीधे नौकरी पाने का अवसर मिलता है। इसके अलावा सरकारी विभागों में भी डिप्लोमा धारकों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। महाविद्यालय में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की छात्रवृत्तियों का लाभ भी दिया जाता है। एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को फीस वापसी एवं छात्रवृत्ति सुविधा मिलेगी। वहीं सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के अंतर्गत फीस सहायता प्रदान की जाएगी। विकास भूमरकर ने बताया कि छात्राओं के लिए एआईसीटीई की अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद की प्रतिभा योजना के तहत चयनित छात्राओं को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपए तक की छात्रवृत्ति मिलेगी। वहीं दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सक्षम छात्रवृत्ति योजना और माता-पिता विहीन विद्यार्थियों के लिए स्वनाथ छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 50 हजार रुपए तक की सहायता राशि प्रदान की जाती है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार सामान्य वर्ग के
ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्रधारी विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक शाखा में शासन के नियमानुसार 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहेंगी। प्रवेश प्रक्रिया के तहत प्रथम चरण में टीएफडब्ल्यू एवं सामान्य सीटों के लिए 10वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे। विद्यार्थी 2 जून तक चॉइस फिलिंग कर सकेंगे, जबकि मेरिट के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया 8 जून से 13 जून तक शाम 6.30 बजे तक चलेगी।  महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कॉलेज परिसर में भी ऑनलाइन फ्री रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक विद्यार्थी स्वयं या कॉलेज पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। कॉलेज प्राचार्य अभिरुचि सिंह ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय पर पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि बदलते दौर में इंजीनियरिंग और तकनीकी शिक्षा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव बनती जा रही है।
—————————-

0 Views
What do you think?

Leave a Reply