Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

जनसुनवाई में फूट-फूट कर रोया किसान, बिजली विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब खेड़ी महमूदाबाद निवासी किसान माखनलाल शर्मा एवं शंभूदयाल शर्मा बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए फूट-फूट कर रो पड़े। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर पहले से बिजली लाइन और खंभे लगे होने के बावजूद जबरन नई 33 केवी लाइन निकाली जा रही है। मानसिक प्रताड़ना और दबाव से परेशान किसान जनसुनवाई कक्ष में ही जमीन पर गिर पड़ा और जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। खेड़ी महमूदाबाद निवासी किसान शंभूदयाल शर्मा एवं माखनलाल शर्मा ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि उनकी कृषि भूमि से बिजली विभाग द्वारा 33 केवी लाइन निकाली जा रही है। किसानों का कहना है कि बिना अनुमति और बिना मुआवजा दिए ठेकेदार एवं अधिकारियों द्वारा खेत में कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। किसानों ने बताया कि परिवार का एक सदस्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है, जिससे परिवार पहले से ही परेशान है। इसके ऊपर विभागीय दबाव एवं धमकियों के कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।  माखनलाल शर्मा ने बताया कि उनकी जमीन पर पहले से बिजली के खंभे लगे हुए हैं, इसके बावजूद और खंभे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद न्यायालय में मामले की पेशी है, इसलिए तब तक कार्य पर रोक लगाई जाए। किसानों ने ठेकेदार एवं अधिकारियों पर दबाव बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ ने बताया कि खेड़ी महमूदाबाद के किसानों द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। बिजली विभाग के कार्य को लेकर जो शिकायतें की गई हैं, उन्हें संबंधित अधिकारियों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
————-

0 Views
What do you think?

Leave a Reply