Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

कॉलोनी में बोरिंग कब्जाने से गहराया जल संकट

2 min read
Text Size:

-खेती में इस्तेमाल हो रहा पेयजल
अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शहर के वार्ड नंबर 32 स्थित ड्रीमलैंड कॉलोनी के निवासियों ने कलेक्टर से पेयजल संकट और अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत की। ड्रीमलैंड सोशल कल्चर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जो कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों के साथ जनसुनवाई में पहुंचे थे, ने बताया कि कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए एक टंकी बनी हुई है। इसमें तीन नलकूपों से पानी भरकर सप्लाई किया जाता था। हालांकि, वर्तमान में कुछ दबंग लोगों ने इन तीनों बोरिंग और उनकी मोटरों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। वे इस पानी का उपयोग अपने खेतों में सिंचाई के लिए कर रहे हैं, जिससे पूरी कॉलोनी की पानी की आपूर्ति ठप हो गई है।
लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही
भीषण गर्मी के कारण परिवारों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने यह भी बताया कि एक ठेकेदार ने कॉलोनी की पक्की सड़क को बीच से खोदकर पाइपलाइन डाली है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कॉलोनी में कुछ लोगों ने अवैध कब्जा भी कर रखा है, जिसे हटाने की मांग की गई। अनिल अग्रवाल ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर पहले भी तीन बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसी तरह की समस्या शहर की मेजर जोशी कॉलोनी में भी सामने आई है। यहां एक ठेकेदार ने करीब दो महीने पहले पाइपलाइन डालने के लिए पक्की सड़क खोदी थी, जिसकी मरम्मत अब तक नहीं की गई है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और सड़क किनारे के घरों में रहने वाले लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों की समस्याओं को सुनने के बाद संयुक्त कलेक्टर सतीश राय ने नगर पालिका के इंजीनियर को फटकार लगाई। उन्होंने पक्की सड़क खोदने वाले ठेकेदार को नोटिस जारी कर समय पर काम पूरा न करने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
——————–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply