Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

अज्ञात बदमाशों ने दो मोटरसाइकिलों में लगाई आग, बड़ा हादसा टला

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, सिराली। नगर की नर्मदा कॉलोनी में देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा एक घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा देने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। संयोगवश समय रहते परिजनों की नींद खुल गई, जिससे आसपास के कई मकान आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार नर्मदा कॉलोनी निवासी कीटनाशक दवा विक्रेता आकाश उर्फ कान्हा पिता राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। रात लगभग 2 बजे घर में धुआं भरने पर परिजनों की नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो घर के सामने खड़ी हीरो पैशन एवं बजाज पल्सर आग की लपटों में घिरी हुई थीं। परिजनों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। आकाश अग्रवाल का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल डालकर आग लगाई। घटनास्थल के पास कवेलू और लकड़ी से बना मकान स्थित है, वहीं सामने मूर्ति निर्माण का कारखाना भी है, जहां भूसा, गैस टंकियां और लकड़ियां रखी थीं। ऐसे में आग फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद नर्मदा कॉलोनी सहित नगरवासियों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि नगर में अधिकांश दोपहिया एवं चारपहिया वाहन घरों के बाहर खड़े रहते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
——–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply