-18 से 25 मई तक आयोजित होंगे लाभार्थी संतुष्टि शिविर
अनोखा तीर, हरदा। जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियानÓ एवं ‘प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियानÓ के तहत जिले में 18 से 25 मई 2026 तक ‘लाभार्थी संतुष्टि शिविरÓ आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की थीम ‘जनभागीदारी सबसे दूर, सबसे पहलेÓ रखी गई है। सोमवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में इस अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारूल जैन ने बताया कि अभियान के तहत जिले के चयनित 103 ग्रामों में स्थित आदि सेवा केंद्रों में शिविर आयोजित कर जनजातीय क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न विभागों के समन्वय से योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि इन शिविरों में एक ही स्थान पर आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, जनधन खाता, राशन कार्ड, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम राष्ट्रीय डायलिसिस प्रोग्राम, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान, सिकल सेल मिशन, क्षय रोग उन्मूलन जांच, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, वन अधिकार पट्टा सहित अन्य योजनाओं सेे लाभान्वित किया जाएगा।
कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए सात दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस दौरान जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर के अधिकारियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत की जाएगी। साथ ही 19 से 25 मई तक ग्राम स्तर पर प्रतिदिन संतृप्ति शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। जारी कार्यक्रम अनुसार 20 मई को ग्राम इमर्शन ड्राइव – एक ग्राम सम्पर्क गतिविधि के तहत अधिकारियों आदि कर्मयोगियों एवं गैर सरकारी संगठनों द्वारा ग्रामों में ट्रासेक्ट वॉक आयोजित कर वास्तविक स्थिति का अवलोकन, जागरूकता प्रसार एवं जनसुनवाई की तिथि घोषित की जाएगी तथा 21 से 23 मई तक शिकायत निवारण एवं त्वरित अधिकार समाधान हेतु प्रतिदिन जन सुनवाई गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
—————————

