Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

रमन रोमांच व्यक्तित्व विकास शिविर का शुभारंभ

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन एवं उनमें आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से मिशन हैप्पी हरदा के तत्वावधान में रमन रोमांच व्यक्तित्व विकास शिविर का शुभारंभ रविवार को किसान भवन, लक्ष्मी प्लाजा, हरदा में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस विशेष शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी ओम नारायण शुक्ला, सुनील बागरे एवं शिक्षाविद ज्ञानेश चौबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल जीवन की कामना की गई। शिविर के प्रथम दिवस बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रशिक्षक सुश्री स्वाति मुकाती ने बच्चों को चित्रकला की बारीकियों से परिचित कराया। बच्चों ने रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाओं को कागज पर उतारते हुए आकर्षक चित्र बनाए। इस दौरान बच्चों में सीखने के प्रति विशेष उत्साह एवं रचनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। वहीं शिविर प्रभारी मीरा शर्मा ने बच्चों को कहानी कहने की कला, समूह गतिविधियों तथा खेल-खेल में सीखने की रोचक विधियों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आपसी सहयोग एवं मंच संचालन जैसे गुणों के महत्व को सरल तरीके से समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के मानसिक, बौद्धिक एवं सामाजिक विकास के लिए इस प्रकार के व्यक्तित्व विकास शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है तथा उनमें नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। कार्यक्रम की प्रभारी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मीरा शर्मा ने बताया कि 19 मई 2026 को शिविर में योग, ध्यान, चित्रकला, रचनात्मक लेखन एवं समूह चर्चा के साथ बच्चों की गणितीय प्रतिभा को विकसित करने हेतु वैदिक गणित की विशेष कक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सुश्री नेहा बाफना बच्चों को वैदिक गणित की सूत्र विधियां सिखाएंगी। उन्होंने बताया कि यह शिविर 24 मई 2026 तक प्रतिदिन प्रात: 7.30 बजे किसान भवन, लक्ष्मी प्लाजा, हरदा में संचालित होगा। शिविर में समाजसेवी रामशंकर मुकाती, योग शिक्षक कोमल सिंह राजपूत, रामकृष्ण इंगले एवं कमलेश खोरे का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
————–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply