Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

अधूरी पुलिया बनी चिंता का कारण, बारिश में बहने का खतरा

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, मसनगांव। गांव में स्टेट हाईवे से रेलवे लाइन तक जाने वाले मार्ग पर मोरगा नाले पर बनाई जा रही पुलिया का निर्माण कार्य अधूरा पड़े रहने से ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ गई है। पंचायत द्वारा विधायक निधि से करीब पांच लाख रुपए की लागत से पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने से बारिश में इसके बहने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण कार्य कुछ समय पहले शुरू किया गया था, लेकिन नहर का पानी नाले में आने से काम बीच में रोकना पड़ा। पिछले दिनों नाले में पानी बंद होने के बाद ठेकेदार द्वारा दोबारा निर्माण शुरू किया गया। इस दौरान पुलिया का बेस बनाकर पाइप डाले गए और ऊपर से मुरम डाल दी गई, लेकिन अब तक सीमेंट-कंक्रीट सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य नहीं किए गए हैं, जिससे पुलिया अधूरी अवस्था में पड़ी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो तेज बहाव में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने या बहने की आशंका बनी रहेगी। वहीं पंचायत द्वारा बनाई जा रही पुलिया की ऊंचाई भी काफी कम बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक यह पुलिया किसी मजबूत पुल के बजाय रपटे जैसी दिखाई दे रही है, जबकि बारिश के दिनों में मोरगा नाले में पानी पुलिया से कई गुना अधिक ऊंचाई तक भर जाता है। ऐसे में खेतों की ओर आने-जाने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पिलर आधारित मजबूत पुलिया की आवश्यकता थी, जिससे बारिश के दौरान आवागमन सुरक्षित बना रहे, लेकिन कम राशि होने के कारण केवल रपटा स्वरूप निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बारिश से पहले निर्माण कार्य पूर्ण कराने और पुलिया को मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस संबंध में पंचायत सचिव नंदलाल बघेल ने बताया कि ठेकेदार के परिवार में घटना होने के कारण कार्य बंद कर दिया गया था। जल्द ही सीसी कार्य कर पुलिया का निर्माण पूरा किया जाएगा।
——————

0 Views
What do you think?

Leave a Reply