किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक दोगने ने किया वेयरहाउसों का निरीक्षण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा।  किसानों को उपज तुलाई में हो रही परेशानी एवं वेयरहाउसों में व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने हेतु हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने शुक्रवार को हरदा जिले के खेड़ा, मांगरुल, सोनतलाई, हंडिया एवं पीपलघटा स्थित वेयरहाउसों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सीधे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर किसानों की उपज तुलाई एवं परिवहन कार्य धीमी गति से संचालित होता पाया गया। विशेष रूप से शुभम वेयरहाउस में हम्मालों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से किसानों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा था। किसानों ने विधायक डॉ. दोगने को बताया कि विलंब के कारण उन्हें आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ. दोगने ने तत्काल हरदा कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर वेयरहाउसों में अतिरिक्त हम्माल एवं कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा तुलाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिलवाए। उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उपज खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी होनी चाहिए। विधायक डॉ. दोगने ने वेयरहाउस प्रबंधन को निर्देशित किया कि किसानों के बैठने हेतु छाया, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था बनाए रखें। साथ ही तुलाई, परिवहन एवं भंडारण कार्य समयबद्ध तरीके से संपन्न हो, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान हित सर्वोपरि है तथा उपज खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, तुलाई प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं किसानों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
————————

0 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!