Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

खेड़ीपुरा वार्ड 4 में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान, भीषण गर्मी में घंटों गुल हो रही सप्लाई

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। शहर के खेड़ीपुरा वार्ड क्र. 4 में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बिजली कटौती से क्षेत्रवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बीच बार-बार बिजली बंद होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का आरोप है कि कई बार मोहल्ले के आधे हिस्से में बिजली चालू रहती है, जबकि बाकी क्षेत्र घंटों अंधेरे में डूबा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार रात 12 बजे से लेकर करीब 2 बजे तक बिजली बार-बार बंद होती रही और आती-जाती रही, जिससे लोगों की नींद खराब हो गई। रात में भी घंटों बिजली गुल रहने और लगातार ट्रिपिंग होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। तेज गर्मी और उमस के बीच लोग परेशान हो रहे हैं। क्षेत्र के निवासी हेमंत मोराने ने बताया कि शुक्रवार को बिजली विभाग द्वारा कार्य के चलते शाम 4 बजे से 7 बजे तक बिजली बंद रखी गई, जबकि विभाग की ओर से केवल एक घंटे यानी 4 से 5 बजे तक ही बिजली बंद रहने की सूचना दी गई थी। तय समय से अधिक कटौती होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग द्वारा शाम के समय, जब घरों में पानी भरने का समय होता है, उसी दौरान भी सप्लाई बंद कर दी जाती है। शाम करीब 5 बजे बिजली कटने से कई घरों में पानी तक नहीं भर पाया, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा। रहवासियों का कहना है कि बिजली विभाग की ऑनलाइन शिकायत प्रणाली पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बिजली विभाग जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करे और अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाए।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply