Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

वेयरहाउसों में किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग

2 min read
Text Size:

-विधायक दोगने ने मुख्यमंत्री सहित अधिकारियों को लिखा पत्र
अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा मुख्यमंत्रीको पत्र प्रेषित कर जिले के विभिन्न वेयरहाउसों में किसानों को हो रही समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की गई है। विधायक डॉ. दोगने ने पत्र में उल्लेख किया है कि उन्होंने हरदा जिले के विभिन्न वेयरहाउसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों से चर्चा एवं व्यवस्थाओं के अवलोकन में कई समस्याएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि जिले के अनेक वेयरहाउसों में प्लेट कांटों से तुलाई कार्य नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण उपज तुलाई में अत्यधिक समय लग रहा है और किसानों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। पत्र में यह भी कहा गया है कि कई वेयरहाउसों में हम्मालों की पर्याप्त संख्या उपलब्ध नहीं होने से उपज परिवहन एवं तुलाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे किसानों को अनावश्यक विलंब और गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने मांग की है कि जिन वेयरहाउसों में निर्धारित मानकों के अनुरूप हम्माल उपलब्ध नहीं कराए गए हैं और किसानों को लगातार परेशानी हो रही है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा विधायक ने बताया कि 3 मई से स्लॉट बुकिंग बंद होने के कारण अनेक किसानों की स्लॉट बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी फसल की तुलाई लंबित है और किसानों में असंतोष की स्थिति बन रही है। डॉ. दोगने ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि उक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर संबंधित अधिकारियों एवं वेयरहाउस संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उपज तुलाई कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply