Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

भदौरिया की मनमानी से किसान त्रस्त : मोहन सांई

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन सांई ने समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हरदा जिले के किसान 46 डिग्री तापमान में पिछले आठ दिनों से सड़कों पर रात काटने को मजबूर हैं, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा खरीदी व्यवस्था को लेकर कोई उचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। मोहन सांई ने कहा कि जिला प्रशासन को जिला कांग्रेस कमेटी के साथ खरीदी केंद्रों का दौरा तय करना चाहिए, जिससे खरीदी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। उन्होंने कहा कि भाजपा जिला अध्यक्ष स्वयं कलेक्टर को खरीदी व्यवस्था सुधारने के लिए ज्ञापन दे रहे हैं, इससे बड़ी प्रशासनिक नाकामी का प्रमाण और क्या हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह दिनों से स्लॉट बुकिंग बंद है, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा 23 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रखने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस विषय पर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि स्लॉट बुकिंग की तारीख 30 मई तक बढ़ाई जाए एवं तत्काल स्लॉट बुकिंग शुरू की जाए। मोहन सांई ने बताया कि खिरकिया ब्लॉक के आगवन वेयर हाउस, कल्पना वेयर हाउस एवं नक्षत्र वेयर हाउस में समिति के लोग खरीदी बंद कर ट्रांसपोर्टिंग का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हम्मालों से तुलाई बंद कराकर वाहनों में माल भरवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई वेयर हाउस भर गया था तो संबंधित अधिकारियों को दूसरा वेयर हाउस मैपिंग करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। सरकार केवल दावे कर रही है, जबकि खरीदी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति कुछ और ही है।  मोहन सांई ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के अधिकारों के लिए धरना, आंदोलन एवं चक्काजाम करने को बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की रहेगी।
——————————

2 Views
What do you think?

Leave a Reply