Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

किसान की मौत मामले में जांच समिति गठन और आर्थिक सहायता की मांग

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, रहटगांव। ग्राम फुलड़ी निवासी किसान नर्मदाप्रसाद तंवर की मौत के मामले में न्यायिक जांच और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर भाजपा समर्थक मंच (किसान मोर्चा) के जिला मंत्री गोविंद तंवर ने कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम फुलड़ी निवासी नर्मदाप्रसाद पिता सीताराम तंवर की 1 मई 2026 को हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनके विरुद्ध जमीन से संबंधित प्रकरण तहसीलदार रहटगांव न्यायालय में चल रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान थे। आवेदन के अनुसार संबंधित भूमि खसरा नंबर 200/1 रकबा 3.828 हेक्टेयर पर उनका परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से कब्जे में था और उसी भूमि से परिवार का पालन-पोषण करता था। भूमि पर करीब 600 फलदार वृक्ष लगे हुए थे, जो लगभग 15 वर्षों पुराने बताए गए हैं। आवेदन में आरोप लगाया गया कि तहसीलदार रहटगांव द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश के बाद जेसीबी मशीन चलाकर फलदार वृक्षों को नष्ट कर दिया गया तथा खेत में आग लगने से मूंग की खड़ी फसल भी खराब हो गई। इसके अलावा सिंचित कुएं को बंद कर झोपड़ी भी तोड़ दी गई। इससे किसान और उसके परिवार को गहरा सदमा पहुंचा। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि तहसीलदार रहटगांव, ग्राम पंचायत फुलडी के सचिव एवं शासकीय स्कूल के शिक्षकों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण किसान की तबीयत खराब हुई और हार्ट अटैक से मौत हो गई। गोविंद तंवर ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की न्यायिक जांच के लिए समिति गठित की जाए तथा मृतक किसान के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
———————–

0 Views
What do you think?

Leave a Reply