-विज्ञान कार्यशाला का हुआ आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अंतर्गत मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिक परिषद एवं मप्र विज्ञान सभा के तत्वावधान में मंगलवार को उत्कृष्ट विद्यालय में एक दिवसीय विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विज्ञान विषय पर विचार रखे गए। इस दौरान डॉ.एलएन पाराशर, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य संतोष यादव, खगोल विज्ञान विषय विशेषज्ञ दीपक सोनी, अखिलेश पाराशर उपस्थित थे। इस अवसर पर डॉ.एलएन पाराशर ने कहा कि वैज्ञानिक एवं प्रामाणिक आधार पर हमारी कुरीतियों को मिटाना होगा। अंधविश्वास को मिटाने में विज्ञान की महती भूमिका है, बस आवश्यकता है उसे समझने की। प्राचार्य संतोष यादव ने महर्षि दयानंद सरस्वती एवं उनके द्वारा सूर्य की उत्पत्ति विषय तथा वेदों में वर्णित बातों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि अज्ञानता को मिटाना आवश्यक है। वहीं अखिलेश पाराशर ने अपने उद्बोधन में वैज्ञानिक महत्व को प्रसंगों के माध्यम से बताया। कार्यक्रम में मप्र विज्ञान सभा के आशीष पारे ने रोचक ढंग से वैज्ञानिक मान्यताओं को प्रैक्टिकल के माध्यम से समझाया।
विद्यार्थियों ने सूर्य एवं चंद्रग्रहण की ली जानकारी
कार्यक्रम में खगोल विज्ञान के विशेषज्ञ दीपक सोनी ने उनके द्वारा बनाए गए मॉडल की जानकारी दी। उन्होंने सूर्यग्रहण और चंद्रग्रहण को विस्तार से समझाया, वहीं मौसम परिवर्तन के कारण भी बताए। उन्होंने वायु दाब, घूर्णन और प्रकाश विषय को मॉडल के माध्यम से समझाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान के रोचक गेम्स खेले और प्रश्नोत्तरी में भाग लिया। साथ ही विद्यार्थियों के अवलोकन के लिए विभिन्न मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।

Views Today: 24
Total Views: 24

