अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन की पहल पर शुरू हुई दीनदयाल रसोई सेवा ने मंगलवार को सेवा के 9 वर्ष पूर्ण कर लिए। मिडिल स्कूल परिसर में स्थित हरदा रसोई केंद्र 7 अप्रैल 2017 से लगातार बिना रुके जरूरतमंदों को सम्मानजनक सात्विक भोजन उपलब्ध करा रहा है। शासन की योजना के अनुसार मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली इस रसोई ने अब तक लगभग 5 लाख लोगों को भोजन कराया है। निर्णय शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति हरदा द्वारा नगर पालिका हरदा और दानदाताओं के सहयोग से संचालित यह रसोई केंद्र सामाजिक सेवा की मिसाल बन गया है, जिसकी सराहना पूरे जिले ही नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर भी की जा रही है। समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि शासन की मंशा थी कि शहरों में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे। इसी उद्देश्य से 7 अप्रैल 2017 को दीनदयाल रसोई का शुभारंभ किया गया। रसोई प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होती है और यहां आने वाले हर जरूरतमंद को सम्मानपूर्वक बैठाकर भोजन कराया जाता है। समिति के सचिव सरगम जैन ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान रसोई केंद्र से शहरभर में हजारों भोजन पैकेट वितरित किए गए, वहीं 2800 से अधिक मोदी किट भी जरूरतमंदों तक पहुंचाई गईं। पटाखा विस्फोट हादसे के दौरान भी सेवा कार्य जारी रहा और लगातार दो महीने तक प्रतिदिन सुबह-शाम भोजन के पैकेट बनाकर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए गए। रसोई संचालन के लिए गेहूं-चावल की आपूर्ति मध्यप्रदेश शासन द्वारा की जाती है, जबकि नगर पालिका द्वारा बिजली, पानी, भवन, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अन्य व्यवस्थाएं समिति द्वारा दानदाताओं के सहयोग से पूरी की जाती हैं। रसोई केंद्र में कोई भी व्यक्ति अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्मृति दिवस या अन्य विशेष अवसर पर 5100 रुपये का सहयोग देकर सपरिवार पहुंचकर अपने हाथों से भोजन करा सकता है। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति सामग्री या सहयोग देकर इस सेवा प्रकल्प से जुड़ सकता है।
सेवा के 9 वर्ष पूर्ण होने पर रसोई केंद्र में विशेष आयोजन किया गया। विधायक दोगने, समाजसेवी, समिति के सदस्य एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने जरूरतमंदों को भोजन कराया और स्वयं भी भोजन ग्रहण किया। समिति के पदाधिकारियों रविलाल पटेल, अनीता अग्रवाल, मुकेश पालीवाल, मनीष अग्रवाल, लोकेश मराठा सहित अन्य ने दानदाताओं, पत्रकारों, आगंतुक नागरिकों, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए आगे भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

