अनोखा तीर, हरदा। जिले में भूकम्प पूर्व तैयारी एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह प्रशिक्षण 23 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भूकम्प आपदा जोखिम प्रबंधन, ध्वस्त संरचनाओं में खोज एवं बचाव तथा प्राथमिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर कलेक्टर सतीश राय द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में प्रशिक्षण के प्रथम दिवस का सफल आयोजन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशिक्षण में जिले के महाविद्यालयों के प्रोफेसर, प्राचार्य, विद्यालय प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं शहरी निकायों के अधिकारी, राष्ट्रीय कैडेट कोर, होमगार्ड, एसडीईआरएफ, सिविल डिफेंस वालंटियर्स तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान प्लाटून कमांडर होमगार्ड हरदा जेएल कोठारी, जिला चिकित्सालय हरदा के डॉ.नवीन जैन तथा जबलपुर से आए प्लाटून कमांडर संदीप चौधरी ने भूकम्प जोखिम प्रबंधन, ध्वस्त संरचना में खोज एवं बचाव तथा प्राथमिक उपचार विषयों पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में होमगार्ड, एसडीईआरएफ के जवानों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। यह प्रशिक्षण आगामी दिनों में प्रतिभागियों को आपदा के दौरान बेहतर समन्वय और त्वरित कार्यवाही के लिए सक्षम बनाएगा।
पांच दिवसीय भूकम्प आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

58 Views


