Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। शनिवार रात एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक अरुण पंवार की मौत हो गई। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बालागांव के पास हुई। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद परिजनों ने इसे लेने से इनकार कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। सिविल लाइन थाना टीआई आरएस तिवारी ने परिजनों को शव ले जाकर अंतिम संस्कार करने की समझाइश दी। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम बालागांव निवासी 20 वर्षीय अरुण पिता बाबूलाल पंवार पिछले एक महीने से शिवपूजन टाले के यहां मजदूरी और ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था। शनिवार रात को हरदा से बूंदड़ा की ओर जा रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर मृतक के भाई संजू पंवार का कहना है कि अरुण चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। संजू के अनुसार, जब वह कनारदा के पास अपनी बाइक में पेट्रोल डलवा रहे थे, तब अरुण ने उन्हें जल्दी आने को कहा था। संजू ने आरोप लगाया कि उनका भाई ट्रैक्टर में आगे की तरफ बैठा था और ग्राम भाटपरेटिया निवासी सौरभ उर्फ शोएब ट्रैक्टर चला रहा था। शोएब ने अरुण को चलते ट्रैक्टर से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक के परिजनों द्वारा व्यक्त किए गए संदेह के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ट्रैक्टर मालिक, ट्रैक्टर चालक और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

40 Views
What do you think?

Leave a Reply