Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

नाचते-गाते धनियर राजा के साथ गोरा रानी को दी विदाई

1 min read
Text Size:

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के क्षेत्र में पिछले 9 दिनों से चल रहे गणगौर उत्सव का शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हो गया। ग्राम की इंदिरा कॉलोनी में पूनम भाटी के निवास पर आयोजित इस उत्सव के अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसादी ग्रहण की। भंडारे के बाद ग्रामीणों और महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते हुए धनियर राजा और गोरा रानी को सिर पर रखकर पूरे गांव में जवारों के साथ शोभायात्रा निकाली। इस दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। शाम के समय शोभायात्रा हंसावती नदी पहुंची, जहां महिलाओं द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से झालरे दिए गए। इसके बाद जवारों का विधिवत पूजन, आरती कर विसर्जन किया गया। इस भावुक पल के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और श्रद्धा भाव से विदाई दी। वहीं, अंतिम दिन शुक्रवार रात्रि को सजे-धजे पंडाल में महिलाओं ने गणगौर के सुंदर भजनों पर छालरे प्रस्तुत किए। श्याम गैर मंडल द्वारा आकर्षक और मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को देर रात तक बांधे रखा। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

70 Views
What do you think?

Leave a Reply