नर्मदा पुल पर भिक्षावृत्ति से बढ़ रहा हादसों का खतरा

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-जिम्मेदारों की कब खुलेगी नींद
अनोखा तीर, हंडिया। हरदा-देवास जिलों की सीमाओं को जोड़ने वाला नर्मदा नदी पुल इन दिनों भिक्षावृत्ति का केंद्र बन गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बताया जाता है कि कई छोटे-बड़े हादसे घटित होने के बाद भी शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पुल पर प्रतिदिन बाहर से आने वाले सैकड़ों वाहनों में श्रद्धालुओं से भिक्षा मांगने के लिए बच्चे, महिलाएं एवं कुछ लोग दौड़-दौड़कर वाहन चालकों को रोकते हैं। परिक्रमा के नाम पर भिक्षावृत्ति करने वाले तथाकथित लोगों की गतिविधियों से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि इस ओर यातायात पुलिस को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। नर्मदा पुल पर पहले से ही गड्ढे और वाहनों की लंबी कतारें रहती हैं, ऐसे में भिक्षा मांगने वाले लोग तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में कभी भी आ सकते हैं। इससे दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ जाती है। जानकारी के अनुसार, कई वाहन चालक नर्मदा में पूजन सामग्री अर्पित करने के लिए पुल पर अपने वाहन रोकते हैं, जिससे स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है। ऐसे में भिक्षावृत्ति करने वाले लोगों का पुल पर दौड़ना गंभीर हादसे को आमंत्रण दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल ध्यान देकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

Views Today: 6

Total Views: 6

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!