अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय हरदा में राष्ट्रीय कार्यबल के दिशा-निर्देशों के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. संगीता बिले ने अपने स्वागत उद्बोधन में नेशनल टास्क फोर्स के दिशा-निर्देशों तथा प्रतिमाह टास्क फोर्स के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय आदर्श महाविद्यालय हरदा के प्रो. दिनेश ब्राह्मणे ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए तनाव प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सबसे पहले तनाव के कारणों की पहचान करनी चाहिए और उसके उचित समाधान की दिशा में प्रयास करना चाहिए। नियमित दिनचर्या, ध्यान, व्यायाम और योग जैसी गतिविधियां तनाव को कम करने में सहायक होती हैं। उन्होंने वर्तमान तकनीकी युग का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के समय में विद्यार्थी अपना अधिकांश समय मोबाइल स्क्रीन और सोशल मीडिया पर व्यतीत कर रहे हैं, जिससे वे अपने लक्ष्य से दूर होते जा रहे हैं। इसलिए विद्यार्थियों को अपने समय का सही प्रबंधन करते हुए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। प्रो. ब्राह्मणे ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सफल होने के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना आवश्यक है। इसके बाद उस लक्ष्य के अनुरूप अपनी योग्यता और कौशल का विकास करना चाहिए। जिस परीक्षा की तैयारी की जा रही है, उसके पैटर्न और पाठ्यक्रम को समझकर सुनियोजित रणनीति तथा पूर्ण समर्पण के साथ तैयारी करने पर निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है। तनाव रहित जीवन से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राकेश सिंह परस्ते ने अपने उद्बोधन में कहा कि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को न केवल अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, बल्कि अपने मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखते हुए तनाव का सकारात्मक तरीके से सामना करना चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार डॉ. अशोक कुमार पवार ने व्यक्त किया।
Views Today: 6
Total Views: 6

