Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

विधायक ने की खिरकिया में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू करने की मांग की

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं प्रमुख सचिव राजस्व विभाग भोपाल को पत्र प्रेषित कर खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय नियमित रूप से अथवा सप्ताह में दो दिवस अनिवार्य रूप से संचालित किए जाने की मांग की है। विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरदा जिले के खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय के नियमित संचालन की व्यवस्था नहीं होने के कारण क्षेत्र के नागरिकों को संपत्ति क्रय-विक्रय एवं अन्य पंजीयन कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि खिरकिया नगर हरदा जिले का एक प्रमुख एवं बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है। यहां व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) सहित अन्य शासकीय कार्यालय संचालित हैं तथा आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों के लिए खिरकिया आते हैं। इसके बावजूद रजिस्ट्री कार्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से नागरिकों को अपने पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए हरदा अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियां उठानी पड़ती हैं। विधायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग रही है कि खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को अपने आवश्यक कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। उन्होंने सरकार से मांग की है कि खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय को नियमित रूप से अथवा कम से कम सप्ताह में दो दिवस अनिवार्य रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा मिल सके।

36 Views
What do you think?

Leave a Reply