Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

दोस्ती की आड़ में हत्या, आरोपी दोस्त गिरफ्तार

2 min read
Text Size:

-खेत दिखाने के बहाने जंगल ले जाकर नुकीले लोहे के पाइप से की हत्या
अनोखा तीर, देवास। कमलापुर थाना क्षेत्र के भमोरी गांव के पास 1 फरवरी को जंगल में हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर किया। हत्या मृतक के दोस्त ने ही की थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए हत्या के बाद भी आरोपी लोगों की भीड़ के साथ जंगल में मौजूद रहा। हालांकि बारीकी से जांच करने पर पूरे मामले का खुलासा हो गया। ग्राम भमोरी के समीप जंगल के सुनसान मार्ग पर दोपहर लगभग 12.55 बजे सतीश पाटीदार उम्र 35 वर्ष निवासी करनावद की अज्ञात आरोपी द्वारा धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या करने की सूचना मिली थी। गठित पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य,भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरा चैक किये गए। विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही जितेन्द्र पाटीदार उम्र 35 वर्ष निवासी करनावद को पुलिस अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मृतक सतीश की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मृतक सतीश पाटीदार व आरोपी के मध्य आपसी मतभेद के चलते उसने हत्या की साजिश बनाई। एक फरवरी को आरोपी ने मृतक को आलू का खेत दिखाने के बहाने जंगल के सुनसान मार्ग पर बुलाया। मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने नुकीला लोहे के पाइप से मृतक के सिर पर जोरदार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। आरोपी पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से स्वयं घटनास्थल पर उपस्थित होकर ग्रामीणों के बीच चर्चा करता रहा, ताकि उस पर किसी प्रकार का संदेह न हो। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं मोटरसाईकिल जब्त कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

50 Views
What do you think?

Leave a Reply