किसानों से मनमाने बिजली बिल वसूली का आरोप, जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। जिले के किसानों से सिंचाई मोटरों के नाम पर मनमाने एवं अत्यधिक बिजली बिल वसूलने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में हरदा जिले के किसान पहले से ही विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, ऐसे में बिजली विभाग का रवैया किसानों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। ज्ञापन में बताया गया कि सिंचाई के लिए उपयोग में ली जाने वाली बिजली मोटरों पर उनकी क्षमता से कई गुना अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। बिना किसी उचित रीडिंग या सर्वे के थोपे गए ये बिल किसानों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर रहे हैं और उनकी कमर तोड़ने का काम कर रहे हैं। जिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी वसूली के नाम पर बिना पूर्व सूचना के किसानों को परेशान कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बिलों के सुधार की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिससे किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि खेती पहले ही घाटे का सौदा बनती जा रही है और इस तरह की मनमानी वसूली किसानों को कर्ज के दलदल में धकेल रही है। ऐसे में यह स्थिति अन्नदाता के साथ अन्याय है। जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि किसानों के बिजली बिलों की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, गलत तरीके से बढ़ाकर भेजे गए बिलों को वापस लिया जाए या उनमें सुधार किया जाए तथा वसूली के नाम पर किसानों पर की जा रही किसी भी प्रकार की दमनकारी कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए बिजली विभाग का घेराव करेगी।

Views Today: 2

Total Views: 42

Leave a Reply

error: Content is protected !!