बीटी रोड नवीनीकरण में अनियमितताएं उजागर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, सुरक्षा निधि राजसात
अनोखा तीर, हरदा। नगर पालिका क्षेत्र हरदा में करोड़ों रुपये की लागत से किए गए बीटी रोड नवीनीकरण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं एवं घटिया निर्माण की शिकायत का मुद्दा हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर द्वारा विधानसभा में उठाया गया था। विधानसभा में मामला उठने के बाद शासन स्तर पर कराई गई जांच में ठेकेदार की भारी लापरवाही और मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। जांच में यह स्पष्ट पाया गया कि प्रताप टॉकीज से खेड़ीपुरा मस्जिद चौक मार्ग सहित कई प्रमुख मार्गों पर समय पर कार्य नहीं किया गया। बीटी की मोटाई एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई तथा लगभग 600 मीटर लंबाई के हिस्सों में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब पाई गई। जांच के दौरान लिए गए सैंपलों का परीक्षण पॉलीटेक्निक कॉलेज हरदा से कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई। जांच प्रतिवेदन के आधार पर संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल द्वारा ठेकेदार मैसर्स जैन इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन, बनापुरा को दोषी ठहराया गया। निर्देशों के बावजूद सुधार कार्य प्रारंभ नहीं करने पर नगरीय निकाय द्वारा ठेकेदार की जमा सुरक्षा निधि एवं प्रतिभूति राशि राजसात कर उसे ब्लैकलिस्ट में डालने की कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित मार्गों पर पुन: निर्माण एवं मरम्मत कार्य के लिए नई निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, ताकि आम जनता को खराब सड़कों से शीघ्र राहत मिल सके। उल्लेखनीय है कि संबंधित कार्यों के लिए ठेकेदार को अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया है। इस कार्रवाई को विधानसभा में उठाए गए मुद्दों का प्रत्यक्ष परिणाम बताते हुए विधायक डॉ. रामकिशोर ने कहा कि भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जनता के पैसों की लूट और कमीशनखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे सभी ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, जिन्होंने जनता की सुविधा से खिलवाड़ किया है, तथा भविष्य में सभी विकास कार्यों की स्वतंत्र एजेंसियों से नियमित गुणवत्ता जांच कराई जाए। विधायक ने यह भी कहा कि मैसर्स जैन इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन, बनापुरा द्वारा लोक निर्माण विभाग से लिए गए टेंडरों के तहत किए गए सड़क निर्माण कार्यों में भी गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, जिनकी जांच अतिशीघ्र कराई जाएगी।

Views Today: 2

Total Views: 68

Leave a Reply

error: Content is protected !!