-मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं यातायात थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। धनगर युवा सेना, जिला हरदा द्वारा सामाजिक हित में नगर की व्यवस्था सुधारने और आमजन की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए नगर में बिना अनुमति लगाए जाने वाले टेंट तथा गलत प्रकार से खड़े किए जाने वाले वाहनों के कारण उत्पन्न समस्याओं को लेकर अनुशासनात्मक कार्यवाही की मांग करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जिला हरदा एवं प्रभारी अधिकारी, यातायात थाना, जिला हरदा को सार्वजनिक रूप से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने के अवसर पर धनगर युवा सेना के समस्त पदाधिकारीगण, सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर बिना अनुमति टेंट लगाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही कई स्थानों पर वाहन गलत तरीके से पार्क किए जाने के कारण ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना का खतरा और पैदल चलने वालों के लिए असुविधा बढ़ जाती है। धनगर युवा सेना ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि इन अनियमितताओं के कारण नगर का सौंदर्य और सार्वजनिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों से नगर में सख्त कार्रवाई करने, नियमों का पालन कराने तथा आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से चल सके और आमजन को राहत मिल सके। संगठन ने कहा कि वे नगर की व्यवस्था को सुधारने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे और यदि आवश्यक हुआ तो इस प्रकार की समस्याओं को लेकर समय-समय पर जनहित में आगे भी आंदोलन एवं जागरूकता अभियान चलाएंगे। ज्ञापन सौंपने के बाद उपस्थित लोगों ने अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को होने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
Views Today: 2
Total Views: 78

