मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश का आरोप

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

-जिला कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त व भारत निर्वाचन आयोग से की शिकायत
अनोखा तीर, हरदा/टिमरनी। हरदा एवं टिमरनी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में कथित हेरफेर और फॉर्म नंबर 7 के दुरुपयोग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध जताया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने हरदा अनुविभागीय अधिकारी अशोक डेहरिया, खिरकिया अनुविभागीय अधिकारी शिवांगी बघेल तथा टिमरनी अनुविभागीय अधिकारी संजीव कुमार नागू को मुख्य चुनाव आयुक्त एवं भारत निर्वाचन आयोग के नाम लिखित शिकायत सौंपी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ बीएलओ राजनीतिक दबाव और मिलीभगत के चलते मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की मंशा के विपरीत है और लोकतंत्र की मूल भावना तथा निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।  कांग्रेस ने बीएलओ एवं कुछ भाजपा नेताओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कुछ बीएलओ अपने पद का दुरुपयोग कर अन्य राजनीतिक दलों के साथ सांठगांठ कर रहे हैं और चुनिंदा मतदाताओं को सूची से बाहर करने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
जिला कांग्रेस ने मांग की है कि किन-किन मतदान केंद्रों पर फॉर्म नंबर 7 का अधिक उपयोग किया गया है, उसकी सूची सार्वजनिक की जाए। ऐसे बाहरी व्यक्तियों की पहचान की जाए, जो स्वयं मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, फिर भी फॉर्म नंबर 7 भरकर अन्य मतदाताओं के नामों पर आपत्ति दर्ज करा रहे हैं। साथ ही कर्तव्य में लापरवाही एवं अनुचित आचरण करने वाले बीएलओ को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सांई ने बताया कि इस गंभीर मामले की प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन आयोग नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन आयोग भोपाल को भी भेजी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपते समय संजय जैन, भजन वेनिवाल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, टिमरनी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद पटेल, सूरज सिंह राजपूत, महेंद्र सिंह राजपूत, ओमप्रकाश मिश्रा, पार्षद हीरा घुरे, ऋतु सोलंकी, सत्यनारायण राजपूत, ज्योतिरादित्य उपाध्याय, अनीष खा, रमेश तिवारी, राजेश नागराज, आशुतोष कोठारी, प्रद्युम्न कुशवाह, लोकेश जायसवाल, आकाश चंद्रवंशी, प्रेरक सारण, आदित्य पटेल, इस्राइल खान, शहजाद खान, सतीश भादू, हार्दिक जायसवाल, अरुण गोदारा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Views Today: 2

Total Views: 80

Leave a Reply

error: Content is protected !!