ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान अंतर्गत विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। जिले में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत रविवार को विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शासकीय विवेकानंद महाविद्यालय, हरदा में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी सुभाष शुक्ला एवं विशेष अतिथि बाल कल्याण समिति सदस्य विक्रमादित्य टांक रहे। मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। बाल कल्याण समिति सदस्य विक्रमादित्य टांक ने कहा कि यह अभियान शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचेगा। मुख्य वक्ता सुभाष शुक्ला ने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आत्मविश्वास, परिश्रम और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया, जो युवाओं को देश के विकास की दिशा प्रदान करता है। जिला समन्वयक संदीप गौहर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सेक्टर एवं ग्राम पंचायत स्तर तक ग्राम चौपाल, रैली, सामूहिक श्रमदान एवं पारिवारिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन, स्वदेशी, शिक्षा, संस्कार, नागरिक सेवा, नशा मुक्ति एवं गौ संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थियों को अंकसूची एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर समापन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था प्रमुख, प्रस्फुटन समिति सदस्य, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के विद्यार्थी एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता दीनबंधु गौर ने किया।

Views Today: 2

Total Views: 78

Leave a Reply

error: Content is protected !!