-अधिकारियों ने हरदा शहर के प्रमुख स्थलों का किया भ्रमण
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राजा रंगारे द्वारा जिले में बाल भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को भिक्षावृत्ति जैसी कुरीति से मुक्त कर सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। अभियान के दौरान परियोजना अधिकारी, पुलिस विभाग के कर्मचारी तथा चाइल्ड लाइन (1098) टीम के सदस्यों की उपस्थिति में शहर के प्रमुख स्थलों पर भ्रमण किया गया। इस दौरान बाल भिक्षावृत्ति की स्थिति की समीक्षा की गई तथा जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क पर भिक्षा मांगने वाले बच्चों को आर्थिक प्रलोभन न दें, बल्कि जरूरत पड़ने पर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना दें, जिससे बच्चों को सुरक्षित वातावरण एवं संस्थागत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने, बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने तथा नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल भिक्षावृत्ति न केवल सामाजिक समस्या है, बल्कि बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, सुरक्षा एवं बाल अधिकारों से जुड़ा हुआ मुद्दा है, जिसे सामाजिक सहयोग, विभागीय समन्वय एवं संवेदनशीलता से ही नियंत्रित किया जा सकता है। अभियान को सतत रूप से जारी रखने हेतु संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान, जागरूकता क्रियाकलाप नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
Views Today: 4
Total Views: 114

