-मिमिक्री प्रतियोगिता में जिला और कॉलेज स्तर पर किया कमाल
अनोखा तीर, हरदा। हरदा डिग्री कॉलेज की छात्रा ऋतिका अग्रवाल ने युवा उत्सव प्रतियोगिता में मिमिक्री विधा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज स्तर, जिला स्तर और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने अपने अभिभावकों, कॉलेज और पूरे हरदा जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता भोपाल, सिहोर, विदिशा, रायसेन, हरदा, होशंगाबाद, राजगढ़, बैतूल समेत अन्य जिलों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित की गई थी। इन सभी प्रतिभागियों में ऋतिका ने मिमिक्री विधा में शीर्ष स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में ऋतिका ने ट्रेन की आवाज़, जानवरों की आवाज़, लोकप्रिय कार्टून पात्र जैसे नोबिता, डोरेमॉन, सिजुका, जियान और कॉमेडी सीरियल के चरित्र जैसे दया भाभी, अंगूरी भाभी के साथ ही हीरोइनों जैसे राखी सावंत, आशा भोंसले, सोनम कपूर की आवाज़ों की बेहतरीन प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। ऋतिका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कॉलेज के प्रधानाचार्य को दिया। इससे पहले भी ऋतिका ने अपनी कला के माध्यम से हरदा जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
हरदा डिग्री कॉलेज की ऋतिका अग्रवाल का सुयश

79 Views


