2200 से अधिक ट्रैक्टर, 5 हार्वेस्टर, बैल गाड़ी के साथ शामिल हुए 7 हजार से अधिक किसान

रैली को हर वर्ग का मिला समर्थन, अनुशासन के साथ निकली रैली, पुलिस के साथ किसानों ने स्वयं संभाली व्यवस्था
भैरूंदा। सोमवार का दिन भैरूंदा क्षेत्र के किसानों के नाम था और ट्रैक्टरों का लंबा रैला इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। अनुशासित रूप से निकली किसानों की ट्रैक्टर रैली ने यह जता दिया कि वह हमेशा शांति के पक्ष धर रहे है। रैली में आमजन, स्कूली विद्यार्थी, मरीज परेशान न हो इसके लिए पुलिस ने तो अपनी और से पुख्ता इंतजाम किए थे लेकिन किसानों का एक समूह इन सभी पर निगाहें जमाए हुए था। जहां भी समूह को लगा वहां तत्काल आगे रहकर व्यवस्था को सुचारू किया। 3 घंटे की इस रैली में जिसमें 2200 से अधिक ट्रैक्टर, 5 हार्वेस्टर, बैल गाड़ी और 7 हजार से अधिक किसान मौजूद थे। बावजूद इसके भी सडक़ों को जाम नही होने दिया। स्कूली बसों को समय से पूर्व ही निकाल दिया गया और बसे रह गई थी उन्हें किसानों ने आगे रहकर निकलवाया। यह किसानों की मानसिकता थी कि हमारी जन आक्रोश रैली के कारण आम जन परेशान न हो। हालांकि रैली के दौरान 3 घंटे से भी अधिक समय तक वाहन रैंगते हुए नजर आए लेकिन परेशानियों का सामना किसी को नही करना पड़ा। शहर वासियों ने भी किसानों की इस रैली को हाथों हाथ उठाया और कई व्यापारिक संगठनों ने किसानों के स्वागत सत्कार में कोई कमी नही छोड़ी। रैली को देखकर ऐसा लगा कि यदि किसान चाहे तो सरकार की ईट से ईट बजा सकता है। सोमवार को किसान स्वराज संगठन व संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले हजारों किसानों ने 2200 से भी अधिक ट्रैक्टरों के साथ कृषि उपज मंडी से विशाल जन आक्रोश रैली निकालकर फसल का एमएसपी मूल्य तय करने सहित अन्य मांगो को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान व कलेक्टर के नाम एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी को सौंपा। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र भैरूंदा में किसानों द्वारा किया गया यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन था। लेकिन किसानों की एकता ने यह प्रदर्शित कर दिया हैं कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगो पर तत्काल प्रभाव से कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो आने वाले दिनों में किसानों द्वारा किया जाने वाला आंदोलन और भी उग्र हो सकता है।

किसानों की ट्रैक्टर रैली का भाजपा व कांगे्रस ने किया स्वागत
किसानों की ट्रैक्टर रैली का दुर्गा मंदिर चौराहे पर भाजपा एवं कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान बुदनी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उबाल भी देखने को मिला। एक तरफ मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने एक दिन पूर्व ही किसानों की जनआक्रोश यात्रा को अपना समर्थन दे दिया तो दूसरी और भाजपाईयों ने एनवक्त पर सडक़ पर खड़े होकर किसानों की यात्रा का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। यहां पर राजनीति के अलग-अलग रूप देखने को मिले। किसान संगठन प्रदेश व केंद्र में काबिज भाजपा की सरकार से विभिन्न फसलों के एमएसपी के दाम बढ़ाने की मांग कर रहा हैं। ऐसे में भाजपा के पदाधिकारियों द्वारा यात्रा का स्वागत करना यह दर्शाता हैं कि किसानों के द्वारा की गई मांग बाजिब हैं और किसानों को उनका हक दिया जाना चाहिए। वहीं कांगे्रस ने बकायदा मंच लगाकर किसानों को पेयजल सुविधा प्रदान कर उनका स्वागत किया। आगामी समय में होने वाले विस चुनाव को देखते हुए कांग्रेस पूरी तरह से सक्रिय है। हालांकि इस रैली में किसानों ने राजनैतिक दलों से परहेज रखा।

बिना सहयोग व समर्थन के किसान पहुंचे अपने खर्च पर
इस विशाल रैली एक महत्वपूर्ण बात यह देखने को मिली न तो इस रैली में किसी राजनीतिक दल ने सहयोग दिया और न ही किसी ने समर्थन किया। किसान संगठनों ने भी इसे गैर राजनीतिक कार्यक्रम रखा। जिसका नतीजा यह था कि किसान अपने खर्चे पर ही इस रैली में अपनी मांगे मनवाने के लिए पहुंचे। गैर राजनीतिक कार्यक्रम होने के चलते उम्मीद से अधिक किसानों की तादाद कार्यक्रम में पहुंची थी।

पुलिस व किसानों की मेहनत रंग लाई, आमजनों को नहीं होने दिया परेशान
जन आक्रोश रैली को लेकर पुलिस और कई किसान चिंतित थे। पहली बार शहर में किसानों का इतना बड़ा आंदोलन ऐसे में उनके सामने यातायात को सुचारू रखना सबसे बड़ी चुनौती थी। ऐसे में पुलिस ने किसानों के एक समूह के साथ मिलकर इस व्यवस्था को संभाला और बड़ी आयोजन के बावजूद भी यातायात की सुचारू व्यवस्था जारी रखी। स्कूली बच्चों को परेशानी न हो इसके चलते पहले ही स्कूली बसों को सडक़ों से निकालकर बच्चों को उनके घर सुरक्षित पहुंचाया। वहीं आंदोलन के बीच ऐसा समय भी आया जब दोनों और के मुख्य मार्ग किसानों की रैली से पटे हुए थे। इसी बीच मरीज को लेकर आई एम्बुलेंस को रास्ता देकर किसानों ने मानव धर्म का निर्वहन किया।
ट्रैक्टरों रैली का व्यापारियों ने किया स्वागत
कृषि उपज मंडी से लेकर इंदौर रोड़ स्थित विशाल पेट्रोल पंप व सोना पेट्रोल पंप तक किसान पैदल व ट्रैक्टर रैली के साथ सडक़ पर उतरे और 6 किमी. से अधिक लंबी रैली जब वापस मंडी पहुंची तो भोपाल-इंदौर सडक़ मार्ग पर जाम के हालात बन गए। इस दौरान दोनों साइड स्थित कई प्रतिष्ठानों के व्यापारियों द्वारा किसानों का पुष्पवर्षा व पेयजल पिलाकर उनका स्वागत करते हुए उनकी जायज मांगो का समर्थन किया।
ज्ञापन के माध्यम से कृषि मंत्री व सीएम से की यह मांग
किसान संगठन द्वारा सीएम व कृषि मंत्री से मक्का 2500, गेहूं 3000, सोयाबीन 6000 व धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल के भाव से एमएसपी मूल्य पर खरीदे जाने के आदेश जारी किये जाने, नवीन कृषि उपज मंडी का निर्माण शुरु किये जाने, फसलों का उचित एमएसपी निर्धारण कर उसे थोक मंहगाई मूल्य सूचकांक से जोडऩे, कृषि फसलों का निर्यात खोलने व आयात पर रोक लगाई जाने, सिंचाई के लिए 10 घंटे दिन व 5 घंटे रात में बिजली दिये जाने, किसानों के झूठे बिजली के प्रकरणों पर रोक लगाने, गौमाता के कल्याण के लिए स्थायी नीति बनाने, इंदौर-बुदनी रेलवे लाईन में स्पेशल पैकेज के तहत मुआवजा दिया जाने, मूंग खरीदी का भुगतान किसानों के खातों में शीघ्र डाले जाने की मांग की गई। वहीं जिला कलेक्टर से प्रत्येक गांव में विद्युत ट्रांसफार्मरों का स्टॉक रखे जाने, पुराने विद्युत तार बदलने, छिदगांव कांछी में 1970 में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को पट्टे देने, क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत, स्टापडेमों का मेंटनेंस व गेट लगाने, नर्मदा जल परियोजना में किसानों की इच्छानुसार जल निकासी पाइंट दिये जाने, किसानों के लिए बीज की व्यवस्था व कालाबाजारी पर रोक लगाने, गौशालाओं की स्थिति में सुधार लाने की मांग की गई।

एक सप्ताह चलेगा किसानों का आंदोलन
प्रदेश स्तरीय किसान संगठन द्वारा बीते दिवस भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरकार को चेतावनी दे चुके हैं कि यदि किसानों के शांतिपूर्ण व्यवहार पर सरकार उनकी मांगो को लेकर गंभीर नहीं होती हैं तो 24 से 30 सिंतबर तक प्रदेश के प्रत्येक गांव में किसान मशाल जुलूस निकालेंगे। फिर भी यदि कोई निर्णय नहीं आता हैं तो 1 अक्टूबर को तीन घंटे के लिए राजधानी भोपाल पहुंचने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय कृषि मंत्री के निवास पर किसान संगठनों द्वारा ढोल बजाकर उन्हें नींद से जगाने का प्रयास किया जाएगा। उक्त सभी रणनीति प्रदेश स्तरीय किसान संगठन के आह्वान पर लागू की जाएगी।
Views Today: 6
Total Views: 228