बैरागढ़ विस्फोट दुर्घटना प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करें

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को दिये निर्देश

हरदा:-कलेक्टर आदित्य सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित टास्क फोर्स की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि गत फरवरी माह में बैरागढ़ में हुई विस्फोट दुर्घटना के प्रभावित परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्रता अनुसार आवश्यक मदद करें। उन्होने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि प्रभावित परिवारों के बच्चों में से यदि किसी बच्चे को शिक्षा दीक्षा, गणवेश व निःशुल्क पुस्तकों की सुविधा नहीं मिली हो तो तत्काल उपलब्ध कराएं। कलेक्टर श्री सिंह ने उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को निर्देश दिये कि इन परिवारों में से जो महिला व पुरूष निराश्रित व वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता रखते हो, उन्हें सरकार की पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुमार शानु देवड़िया सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने उप संचालक पशु चिकित्सा को निर्देश दिये कि विस्फोट प्रभावित परिवारों में से पशुपालक सदस्यों को विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाएं। उन्होने महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि इन प्रभावित परिवारों के बच्चों के टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संस्थागत प्रसव व टीकाकरण की व्यवस्था की जाए। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार ने बताया कि आईटीआई स्थित आश्रय स्थल में निवासरत परिवारों को निःशुल्क भोजन व पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आईटीआई परिसर की साफ-सफाई का कार्य भी नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये कि इन पीड़ित परिवारों में से जो परिवार उज्जवला योजना की पात्रता रखते है, उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन दिलाएं और निःशुल्क खाद्यान्न की सुविधा भी दिलायें। उन्होने जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण और महाप्रबन्धक जिला उद्योग केन्द्र को निर्देश दिये कि इन परिवारों के सदस्यों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं में पात्रता अनुसार आर्थिक मदद दिलायें ताकि ये परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो सके।

Views Today: 4

Total Views: 438

Leave a Reply

error: Content is protected !!