अनोखा तीर, हरदा। शहर के खंडवा बायपास पर सोमवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी मची, जब मानकार हास्पिटल के ठीक सामने लोहे के सरियों से भरी ट्रेक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान ट्रेक्टर जहां साइड में स्थित नाली में जा घुसा, वहीं ट्राली बीच बायपास पर ट्राली पड़ी रही। ये घटनाक्रम करीब आधा घंटे चलता रहा। इस बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला। साथ ही वहां मौजूद लोगों की मदद से पलटी हुई ट्राली को बमुश्किल सीधा किया गया। इसके बाद सड़क पर फैले सरियों को एक तरफ करने का काम किया गया। इसके बावजूद आवागमन बहान करने में वहां सक्रिय अमले को पसीने छूट गए। हालांकि, हादसे के बाद व्यवस्था बनाने में स्थानीय लोगों के साथ ही राहगिरों का सहयोग रहा। बता दें कि दैनिक अनोखा तीर ने इस खबर को कई दफा प्रकाशित कर हादसे की ओर इशारा किया था। इतना ही नही, तमाम आशंकाओं का भी जिक्र किया था, ताकि परिवहन एवं यातायात विभाग ऐसी लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों को नियमों का पाठ पढ़ा सकें। किंतु , ऐसा ना होकर ये सिलसिला जारी रहा। परिणामस्वरूप सरिये से भी ट्राली के पलटने की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि गनीमत रही कि हादसे के वक्त आसपास कोई नही था, अन्यथा हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
..ओर पलटी खा गई ट्राली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सरियों से भरी ट्राली जम्प करते हुए चल रही थी। क्योंकि सरिये की लंबाई अधिक होने की वजह से आधा ट्राली पर तथा आधा बाहर लहराता है, जो सीधे तौर पर हादसे को खुला आमंत्रण है। ऐसा ही कुछ इस मामले में रहा। जब ट्रेक्टर अपना नियंत्रण खोकर पलट गया।
असुरक्षित परिवहन चिंताजनक
इस संबंध में जागरूक नागरिकों का कहना है कि शहर में असुरक्षित परिवहन चिंता का विषय है, जो संबंधित वाहन चालक के साथ साथ अन्य लोगों की सेहत से सीधा खिलवाड़ है। यह भी कहा कि ऐसे समय पर सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम तथा ट्रेक्टर की गति नियंत्रण में जरूरी है।





