– ठंड से बचने जल उठे अलाव
अनोखा तीर, हरदा। दिसम्बर के दूसरे सप्ताह के बाद ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बादल छंटने और मौसम शुष्क होने के साथ ही सर्दी का दायरा बढ़ने लगा है। वहीं सुबह के समय खेत तथा सड़कों पर कोहरे की धुंध भी दिखाई पड़ रही है। हालांकि, ठंड का रूतबा केवल सुबह-शाम महसूस हो रहा है। इन सबके बीच दोपहर में चिलचिलाती धूप की वजह से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। जबकि न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। यही कारण है कि प्रदेश के विभिन्न शहर कोहरा तथा सर्द हवाओं की जद में हैं। बहरहाल, हरदा में सर्द हवाओं के मध्य मौसम खुशनुमा बना हुआ है। साथ ही बादल व मौसम भी पूरी तरह साफ हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शुष्क मौसम से न्यूनतम पारा गिर रहा है। वहीं हवा का रूख उत्तरी होने पर तापमान ओर कम होगा। हालांकि, इन सबका सबसे ज्यादा असर उत्तरी इलाकों में होगा। इसी बीच हरदा में सोमवार को अधिकतम तापमान २८ डिग्री तथा न्यूनतम तापमान १४ डिग्री दर्ज हुआ है। जबकि अगले दिन यानि मंगलवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री नीचे खिसकने के साथ 26 डिग्री पहुंचने का पूर्वानुमान है। इसके मुताबिक आगे दिन भी ठंडे रहेंगे।
आगे ठंड के आसार
मौसम विभाग की माने तो आगे मौसम ओर अधिक ठंडा होने के आसार है। क्योंकि, पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फवारी के कारण मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ रही है। यहां दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान ११ से १2 डिग्री टच होने का अनुमान है। इस लिहाज से ठंड का जलवा रहेगा।
ओस की बिछी चादर
इधर, कड़ाके की ठंड से खेतों में खड़ी गेहूॅ की फसल लहलहा उठी है। क्षेत्र में रातभर ओस बरसने के कारण फसलों पर सुबह उसकी चादर बिछी हुई मिल रही है, जो सुबह 10-11 बजे तक दिखती है। किसानों के मुताबिक कड़ाके की ठंड फसलों के लिए फायदेमंद है।
अब तक ओर आगे….
रविवार अधि. २७ – न्यून. १३
सोमवार अधि. २८ – न्यून. १३
मंगलवार अधि. २६ – न्यून. 14
बुधवार अधि. २७ – न्यून. १४

